इटावा। बढ़पुरा थाने के 10 सिपाहियों को एसएसपी आकाश तोमर ने बुधवार को लाइन हाजिर कर दिया। गैर जिलों से आए सिपाहियों को इस थाने में तैनात भी कर दिया गया है। हटाए गए सिपाही दो साल से ज्यादा समय से थाने में तैनात थे। बताया जा रहा है कि अवैध खनन और मौरंग लदे ट्रकों की आवाजाही रोकने में नाकाम रहने पर इन्हें थाने से हटाया गया है।
अवैध खनन और मध्यप्रदेश से मौरंग लदे अवैध ट्रकों की आवाजाही पर लगाम नहीं लग पा रही है। इस पर सवाल भी उठते रहे हैं। एसएसपी ने अब कानून व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए पुलिसकर्मियों की नकेल कसनी शुरू की है। उन्होंने बढ़पुरा थाने में तैनात 20 सिपाहियों में से 10 को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है।
इनमें आठ सिपाहियों की तैनाती थाने की उदी पुलिस चौकी पर थी, जबकि दो की तैनाती थाने में थी। एसएसपी तोमर का कहना है कि कानून व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए पुलिस कर्मियों को इधर से उधर किया गया है। उन्होंने बताया कि 18 दरोगाओं को भी पुलिस लाइन से सिविल लाइन थाना, बसरेहर, फ्रेंड्स कालोनी, ऊसराहार, भरथना, सहसो, सैफई, इकदिल और शहर कोतवाली आदि में तबादला किया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन से 92 अन्य सिपाहियों को भी कई थानों में तैनात किया गया है।