बकेवर(इटावा)। थाना क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय बच्ची को टॉफी देने का लालच देकर सुनसान घर में ले जाकर 20 वर्षीय युवक ने दुष्कर्म किया। गंभीर हालत में डरी व सहमी बच्ची अपने घर पहुंची। अपने साथ घटी दुष्कर्म की घटना बताई। परिजन आरोपी युवक के घर पर तलाश में पहुंचे। आरोपी युवक मौके से भाग गया। परिजन बच्ची को लेकर थाने आए। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज करने के साथ बच्ची को जिला अस्पताल भेजा।
एक गांव में रहने वाली बच्ची गांव के ही परिषदीय स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ती है। सोमवार को वह स्कूल गई थी। लंच के समय बालिका अपने साथी बालिका के साथ घर पर जा रही थी। स्कूल के पास ही रहने वाला एक युवक छविकांत उर्फ प्रशांत (20) ने बालिका को टॉफी दिलाने की बात कहकर फुसलाकर रोक लिया। बच्ची को अपने सुनसान घर मे ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। युवक के घर कोई नहीं था। आरोपी युवक के मां-बाप इटावा गए हुए थे।
थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बताया कि युवक के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज करने के साथ उसको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।