इटावा। इटावा सफारी पार्क में कोरोना संक्रमित हुई शेरनियों गौरी और जेनिफर की तबीयत में काफी हद तक सुधार हो गया है। हालांकि अभी दोनों को सफारी पार्क के अस्पताल में क्वारंटीन किया गया है। प्रबंधन पहले जैसी ही एहतियात बरत रहा है। प्रबंधन का कहना है कि बीमार शेरनियों के पूरी तरह स्वस्थ होने पर उनका खून जांच के लिए बरेली की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही शेरनियों को अस्पताल से बाहर लाया जाएगा।
शेरनी गौरी व जेनिफर 7 मई 2021 को कोरोना संक्रमित हो गई थीं। प्रबंधन ने दोनों को पार्क में बने अस्पताल में भर्ती किया था। कानपुर चिड़ियाघर के डॉक्टर और उनकी टीम बीमार शेरनियों का इलाज कर रही है। शेरनियों के इलाज में प्रबंधन देश के जाने-माने पशु चिकित्सकों से भी सलाह ले रहा है।
पार्क के निदेशक केके सिंह ने बताया कि बीमार शेरनियों की हालत में काफी सुधार हुआ है। वह तरल के साथ ही मांस जैसा ठोस भोजन ले रही हैं। हालांकि बीमार शेरनियों को भी अस्पताल में क्वारंटीन किया गया है। उनके पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद ब्लड सैंपल जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही शेरनी जेनिफर व गौरी को अस्पताल से बाहर लाया जाएगा।