जसवंतनगर। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां कोविड एल वन प्लस अस्पताल बनेगा। पहली लहर में भी यहां कोविड एल वन अस्पताल बनाया गया था। जिला प्रशासन ने यहां अब 30 बेड के स्थान पर 50 बेड करने की स्वीकृति दे दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को प्रदेश में 23 वां और जिले में पहला स्थान मिला है। नगर के कैस्त स्थित नेशनल हाईवे पर 30 शैया वाला यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहतर सेवा कार्य व अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जाना जाता है।
जिला मुख्यालय के बाद सबसे अधिक प्रसव इस केंद्र पर होते हैं। यहां पर ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया जा रहा है। अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार यादव ने बताया कि 30 बेड के इस केंद्र में प्रसूति एवं ऑपरेशन कक्ष, ओपीडी के साथ-साथ ब्लड स्टोरेज यूनिट, ब्लड टेस्टिंग लैब, डिजिटल एक्सरे सुविधा और डेंटल सर्जन चिकित्सक की देखरेख मे मरीज को बेहतर इलाज मिल रहा है। आयुष्मान कार्ड से उपचार, नसबंदी, प्रसव, टीकाकरण के साथ-साथ ही गर्भवती महिलाओं के ब्लड टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध है। ओपीडी चालू होने पर प्रतिदिन 400 से अधिक मरीज यहां पर आते हैं।
इस समय अधीक्षक सुशील कुमार, डॉ. विकास अग्निहोत्री के अलावा डॉ. श्रुति सिन्हा, रिद्धिमा गॉड, एक लैब टेक्नीशियन , एक वार्ड बॉय, 8 महिला नर्स, एक सफाई कर्मचारी है। एक माह के अंदर ऑक्सीजन प्लांट लगकर तैयार हो जाएगा।