अहिलादपुरा गांव में ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर आक्रोश जताते ग्रामीण
- फोटो : ETAWHA
इटावा। विकासखंड क्षेत्र में ग्राम पंचायत अहिलादपुर में 100 केवी का ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। पांच दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर न बदले जाने से गांव के लोग परेशान हैं।
अहिलादपुर गांव की आबादी करीब तीन हजार है। इस गांव में सूरज ढलते ही अंधेरा छा जाता है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव के लोग पानी के लिए भी परेशान हैं। यहां तक कि गांव के लोगों के मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं।
ग्रामीण अंशुल, सुघर सिंह सविता, सत्यभान पाल, प्रमोद कुमार तिवारी, पिंटू कठेरिया का कहना है पांच दिन से बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। ट्रांसफार्मर फुंकने पर वैकल्पिक व्यवस्था का भी कोई इंतजाम नहीं है। अवर अभियंता बिजलीघर कुनेरा योगेंद्र राजपूत को बताया तो उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीण बोले बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से गांव में पांच दिन से आपूर्ति ठप पड़ी है।
इसी के विरोध में ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के सामने प्रदर्शन किया। जेई विद्युत उपकेंद्र कुनैरा का कहना है कि भाजपा बूथ अध्यक्ष का टेलीफोन तो आया। हमने वर्कशाप पर लिखकर भेज दिया है। 48 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।