इटावा। कोतवाली क्षेत्र के अहीरनटोला मोहल्ला स्थित एक घर में घुसकर बदमाशों ने हसिया से वार कर वृद्धा को घायल कर दिया और उसके कुंडल लूट कर भाग गए। घायल वृद्धा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को तहरीर दी गई है।
शहर के अहीरनटोला मोहल्ले में लालाराम अपनी पत्नी नेकश्री (80) के साथ रहते हैं। दो शादीशुदा बेटियां हैं। एक बेटी शहर में ही कांशीराम कालोनी में रहती हैं। दूसरी अहमदाबाद में हैं। दोनों बेटियां घर चला रही हैं। बुधवार रात को वृद्धा घर के बरामदे में सो रही थी। रात करीब डेढ़ बजे तीन बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए।
बदमाशों ने वृद्धा के गले पर हसिया से वार किया और कुंडल छीनकर भाग गए। वृद्धा के चीखने पर पति की आंख खुली। मोहल्ले वाले आ गए। सूचना पर रात को ही सीओ सिटी व कोतवाल मौके पर पहुंचे। वृद्धा को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसके गले में दस टांके आए हैं।
घायल वृद्धा की पुत्री प्रेमवती पत्नी राकेश कुमार ने बताया कि वह बाहर गई हुई थी। अहमदाबाद से बड़ी बहन ने फोन किया। कोतवाल रमेश सिंह ने बताया कि लालाराम ने तहरीर पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस जांच कर रही है।