इटावा। पुलिस व आबकारी अधिकारियों ने बुधवार को छापामार कार्रवाई करके नगला बेनीसाल गांव में दो स्थानों पर अवैध रूप से देसी शराब बनाते महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब बनाने की सामग्री भी बरामद की है।
जिला आबकारी अधिकारी कमल कुमार शुक्ला को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के नगला बेनीसाल गांव में अवैध रूप से देसी शराब बनाई जा रही है। इस सूचना पर आबकारी निरीक्षक अमित कुमार, विमलेश कुमार, ओमकार सिंह, संजय उपाध्याय, थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक रामफल, कस्बा इंचार्ज सनत कुमार ने नगला बेनीसाल गांव में कई घरों को चेक किया। गांव में मुन्नी देवी व भोगी राम के घरों में भट्ठियों पर अवैध रूप से देसी शराब बनती मिली।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इन जगहों पर करीब 75 लीटर लहन (कच्ची शराब) बरामद हुई। जिसे नष्ट कर दिया। मुन्नीदेवी व भोगीराम के खिलाफ धारा 60(1), 60 (2) तथा धारा 272 के तहत मामला दर्ज किया गया है।