फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से माल पार

विज्ञापन
विज्ञापन
इटावा। बसरेहर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में घुसकर तीन चोर दो कंप्यूटर, रंगीन टीवी, प्रिंटर, इनवर्टर, बैटरी और 20 हजार रुपये ले गए। मंगलवार रात को कॉलेज के मंदिर पर सुंदरकांड पाठ के दौरान मौका पाकर चोर अंदर दाखिल हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद हो गई है। थाना पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है।
विज्ञापन

कॉलेज के मंदिर पर मंगलवार रात को सुंदरकांड पाठ हो रहा था। इसी बीच लोगों की निगाह बचाकर तीन चोर अंदर दाखिल हो गए। चोराें ने प्रधानाचार्य के कमरे का ताला तोड़कर दराज में से 20 हजार रुपये निकाले और कंप्यूटर कक्ष और दफ्तर के ताले तोड़कर दो कंप्यूटर मॉनीटर व सीपीयू, एंड्रायड एलईडी टीवी, रंगीन प्रिंटर, इनवर्टर और बैटरी समेत अन्य सामान निकाल कर ले गए। चोर एक घंटे तक कॉलेज में रहे। जब धार्मिक आयोजन में शामिल सभी लोग चले गए, तब चोर मेन गेट से बाहर निकल गए।
कॉलेज परिसर में बने क्वार्टरों में रह रहे चपरासी शिवम ने बताया कि मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे उसकी निगाह कमरों की ओर गई। वहां से रोशनी आती दिखी। चूंकि वह खुद सभी लाइट बंद करके आया था। लिहाजा उसे शक हुआ। उसने क्वार्टर में रह रहे आचार्य हरिओम तिवारी व एक अन्य कर्मचारी ईश्वरचंद्र को इसकी सूचना दी।
विज्ञापन

सभी ने कॉलेज में जाकर देखा तो तीन कमरों के ताले टूटे हुए मिले। कॉलेज परिसर से बाहर रह रहे प्रधानाचार्य प्रभुदयाल, प्रबंधक संतोष यादव आदि को सूचना दी गई। सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देखने पर पता चला कि तीन चोर रात 10:31 पर कॉलेज के मेन गेट के छोटे द्वार से अंदर आए थे। उस समय मंदिर पर सुंदरकांड पाठ चल रहा था।
चोर सीधे कॉलेज के अंदर चले गए और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात 11:34 बजे बाहर निकले। सूचना मिलने पर कॉलेज प्रबंध समिति के जिलामंत्री बाबूराम वर्मा व ओमप्रकाश शाक्य, आचार्य विवेक व अशोक, नवीन आदि भी आ गए। रात में ही बसरेहर थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान को सूचना दी गई। थाना प्रभारी मौके पर आए और सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देखी। प्रधानाचार्य प्रभुदयाल ने बताया कि चोरी होने की तहरीर पुलिस को दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें