बसरेहर/इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र में ऑटो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इसके अलावा सैफई में सड़क हादसे की शिकार महिला की मौत हो गई। वहीं बुधवार को डंपर की टक्कर से बाइक सवार दंपति घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार शाम करीब चार बजे फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के तहत हरिहरपुरा कुंआ गांव के पास इटावा फर्रुखाबाद मार्ग पर एक तेजरफ्तार ऑटो व बाइक में आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पछायगांव सीतापुर गांव निवासी हेलमेट लगाए बाइक सवार धर्मेंद्र कुमार (29) पुत्र श्यामबाबू को टक्कर मार दी। हादसे में हेलमेट टूट गया और सिर में चोट लगी। इससे उसकी मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा सीतापुरा गांव निवासी उसका ममेरा भाई रमेशचंद्र घायल हो गया। उसे पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। मृतक युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। दोनों लोग बाइक कस्बा बसरेहर मीट लेकर गांव लौट रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए।
इसके अलावा गत सोमवार शाम चौबिया गांव निवासी रक्षादेवी (55) पत्नी रामौतार गांव के बंबा पटरी पर पैदल जा रही थी। तभी एक ऑटो ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था। उसे सैफई पीजीआई में भर्ती कराया था। बुधवार सुबह महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। चौबिया पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
एक अन्य हादसे में बुधवार शाम सिविललाइन थाना क्षेत्र के आईटीआई चौराहे पर बाइक सवार दंपति को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। पछायगांव निवासी बाइक सवार शांति देवी व उसका पति हुकुमसिंह घायल हो गए। शांतिदेवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।