इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के टिलीटिला गांव के सामने हाईवे पर गोवंश को बचाने के चक्कर में बाइक सवार पिता पुत्र गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। बाइक चला रहा पुत्र हेलमेट पहने था। इसलिए उसके सिर में चोट आने से बच गई। पैर जख्मी हो गए।
क्षेत्र के महेवा बस्ती निवासी रामकिशोर उर्फ लल्ला शर्मा पुत्र स्व राम सनेही अपने बेटे आकाश शर्मा के साथ बाइक से औरैया जनपद में सिमारा गांव में सोमवार को शादी में शामिल होने गए थे। रात करीब 8 बजे वह दोनों लौट रहे थे।
तभी टिलीटिला गांव के सामने हाईवे पर अचानक कुछ गोवंश सामने आ गए। रात होने की वजह से वह गोवंशों को नजदीक आने पर देख पाए। आकाश ने बाइक को भिड़ने से बचाने का प्रयास किया। इस चक्कर में बाइक सड़क के किनारे करीब 10 फीट नीचे गड्ढे में चली गई। आकाश हेलमेट पहने था। इसलिए उसके सिर में तो चोट आने से बच गई। लेकिन पैर जख्मी हो गए। जबकि रामकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने परिजनों को खबर दी और दोनाें को महेवा सीएचसी में भर्ती कराया।