इटावा। सफारी पार्क में कोरोना संक्रमित हुई शेरनी जेनिफर और गौरी अब पूरी तरह स्वस्थ हो गई हैं। बरेली स्थित इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरवीआरआई) से दोनों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। रिपोर्ट देखने के बाद सफारी पार्क प्रबंधन से राहत की सांस ली है। हालांकि, अभी एक महीने तक दोनों शेरनियों को अस्पताल में ही डॉक्टरों की देखरेख में रखा जाएगा।
इटावा सफारी पार्क में शेरनी जेनिफर व गौरी सात मई 2021 को कोरोना संक्रमित हो गईं थीं। दोनों की आरवीआरआई बरेली से कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अफसरों में हड़कंप मच गया था।
इसके बाद बीमार शेरनियों को सफारी पार्क के पशु अस्पताल में भर्ती किया गया था। दोनों की किडनी में इंफेक्शन होने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद सफारी पार्क प्रशासन ने सभी कर्मचारियों की कोरोना की जांच कराई थी, जिनमें भी कोरोना के लक्षण मिले थे, उन्हें छुट्टी पर भेज दिया गया था।
बीमार शेरनियों के पास केवल कीपर को जाने की इजाजत दी गई थी। वह भी पीपीई किट पहनकर शेरनियों को खाना पहुंचाने के लिए जाता था। सफारी पार्क प्रशासन ने दोनों शेरनियों के इलाज के लिए कानपुर चिड़ियाघर के डॉक्टरों की टीम लगाई थी।
देश भर से विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों से भी वर्चुअल बातचीत करके डॉक्टर उनका इलाज कर रहे थे। इस बीच एक ऐसा भी दौर आया, जब दोनों शेरनियों को खाना छोड़ दिया। उन्हें केवल ग्लूकोज ही दिया जा रहा था। अब जब जेनिफर और गौरी की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई, तो अफसरों ने राहत महसूस की।
सफारी पार्क के निदेशक केके सिंह ने बताया कि 17 जून को दोनों शेरनियों का ब्लड सैंपल जांच के लिए बरेली स्थित आरवीआरआई भेजा गया था। बृहस्पतिवार को दोनों की जांच रिपोर्ट आ गई, जो निगेटिव है। उन्होंने बताया कि दोनों शेर
ि
नयों को अभी एक महीने तक पशु चिकित्सकों की देखरेख में सफारी पार्क के पशु चिकित्सालय में रखा जाएगा। ताकि, पोस्ट कोविड होने के चलते उन पर नजर रखी जा सके।