इटावा। सैफई से गुरुवार को आई 70 कोरोना संदिग्धों की जांच रिपोर्ट निगेटिव है। इनमें ज्यादातर नगला भगत के ग्रामीणों की है। गुरुवार को जिला अस्पताल से 30 लोगों के सैंपल सैफई भेजे गए। इनमें 15 सैंपल जिला अस्पताल में लिए गए, जबकि इतने ही सैंपल स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीमें लेकर आईं।
आयुष विभाग की खांसी, जुकाम, बुखार की ओपीडी से 49 मरीज आए। इनमें से एक मरीज का सैंपल लिया गया। सीएमएस डॉ. एसएस भदौरिया ने बताया कि गुरुवार को 11 मरीजों की छुट्टी कर दी गई। रोजाना की अपेक्षा गुरुवार को मरीजों की संख्या काफी कम रही। सभी मरीजों की थर्मल स्कैनर से जांच की गई। पर्चे पर लिखीं दवाइयां लेकर मरीज गए।
डॉ.शिव शंकर गुप्ता ने 37 तथा डॉ.गौरव यादव ने 12 मरीज देखे। बाह(आगरा) से तीन दिन पूर्व इटावा आए युवक को खांसी और हल्का बुखार होने पर स्टाफ के साथ मरीज का सैंपल कराया। मरीज का नाम, पता, मोबाइल नंबर लिख लिखने के बाद एहतियात के तौर पर घर में अलग रहने की सलाह दी। परेशानी होने पर दोबारा अस्पताल आने की सलाह दी।