इटावा। करीब एक सप्ताह पूर्व आगरा में कोरोना संक्रमित अस्पताल में इलाज कराने वाली महिला के पति को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। ताखा स्थित सुतियानी गांव में रहनें वाली माया देवी का इलाज एक सप्ताह पूर्व आगरा में अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल को दो अप्रैल को सील कर दिया गया था।
जिला प्रशासन को जानकारी होने पर माया देवी को मैनपुरी जनपद के भाग्यनगर खिरिया में उसके दामाद बलराम यादव के घर में आइसोलेट करा दिया गया। इलाज के दौरान माया के पति श्रीपाल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा, जबकि उसकी तीन बेटियों को सुतियानी मोड़ स्थित क्वारंटीन कराया कराया गया।
उपजिलाधिकारी ताखा नंद प्रकाश मौर्य के निर्देश पर सरसईनावर के सीएचसी प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष जेपी सिंह गांव सुतियानी पहुंचे और श्रीपाल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। डॉ.वीरेंद्र सिंह ने बताया कि श्रीपाल को सैंपलिंग के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।