इटावा। लॉकडाउन के बाद रोडवेज की बसों से दिल्ली से आने वालों का आंकड़ा आठ हजार पार कर गया है। इन यात्रियों में कुछ की जांच जिला अस्पताल में की गई जबकि अन्य को जांच के लिए गांवों में बने क्वारंटीन वार्डों में ठहराया गया है। ब्लॉकों में बनाई गई टीमें दिल्ली व अन्य शहरों से लौटे लोगों की जांच कर रही हैं।
जिले में 15 फरवरी के बाद लौटे लोगों की जांच के लिए पहले ही हर ब्लॉक में टीमें बनाई जा चुकी हैं। ग्राम प्रधानों और जागरूक लोगों की मदद से प्रशासन ने 5517 लोगों की पहचान की है। इसके अलावा रोडवेज की बसों से तीन दिन में करीब 8264 लोग नई दिल्ली से जिले में आए हैं। एआरएम राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि रोडवेज की बसों से 28 मार्च को 1218 और 29 मार्च को 5546 यात्री इटावा आए हैं। 29 को आईं 17 बसों के कंडक्टरों ने टिकट का हिसाब डिपो को नहीं दिया था। इन बसों में 1500 से अधिक यात्रियों के पहुंचने का अनुमान है। एआरएम ने बताया कि अब सभी बसें बंद कर दी गई हैं। आगे शासन से जैसा आदेश आएगा वैसा काम किया जाएगा। इसके अलावा 2000 से अधिक लोग पैदल व अन्य साधनों से आए हैं। इस तरह बाहर से आने वाले लोगों का आंकड़ा 16000 पार कर गया है। इसी आंकड़े ने कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता बरत रहे लोगों की चिंता बढ़ा दी है।