इटावा। जनपद में पिछले 24 घंटे के अंदर किसी नए कोरोना संदिग्ध के आने की सूचना नहीं है। जिला अस्पताल के बर्न विभाग में बनाया गया 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड खाली है। यह शासन और स्वास्थ्य विभाग के राहत की बड़ी खबर है।
आवास विकास कालोनी स्थित महिला तथा शिव गंगा एक्सप्रेस से चार दिन पूर्व आइसोलेशन वार्ड में भर्ती दोनों संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर महिला को छुट्टी दे गई है। जबकि दूसरे संदिग्ध को पास ही स्थित मत्स्य कालेज के क्वारंटीन वार्ड में भर्ती कराया गया है। यह बिहार के जमुई जिले का निवासी है,जहां लॉक डाउन की वजह से उसे रोक लिया गया है। रविवार की मध्य रात्रि में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराए गए कीनिया से इटावा आए भिंड निवासी को भिंड भेज दिया गया है।
सीएमएस डॉ. एसएस भदौरिया ने बताया कि भिंड के सीएमओ से बात करने और रिपोर्ट निगेटिव आने की जानकारी देने के बाद मरीज को उसके परिवारीजन भिंड ले गए। बताया पिछले 24 घंटे में आइसोलेशन वार्ड में कोई भी कोरोना संदिग्ध नहीं आया। न ही किसी नए व्यक्ति को क्वारंटीन वार्ड में भर्ती कराया गया है।