लवेदी। लवेदी थाना क्षेत्र के श्रीनगर-श्यामला बंबा से बोलेरो सवारों ने एक युवती का अपहरण कर लिया। चार दिन पुरानी घटना की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम मूसेपुरा निवासी हनुमंत सिंह ने लवेदी थाने में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि बेटी लक्ष्मी (27) चार जून को ईश्वरीपुरा स्थित स्टेट बैंक में खाता खुलवाने गई थी।
उसके साथ गांव की एक महिला भी थी। शाम करीब चार बजे वह बैंक से लौट रही थी। पीछे से साइकिल पर हनुमंत सिंह भी आ रहे थे। श्रीनगर श्यामला बंबा पर एक बोलेरो खड़ी हुई थी।
आरोप है कि गांव के शिवम उर्फ रामू ने तीन अन्य साथियों के साथ मुंह दबाकर लक्ष्मी को बोलेरो में डाल लिया। पीछे से आ रहे हनुमंत से विरोध किया तो बोलेरो चढ़ाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। बदमाश लक्ष्मी को लेकर चले गए।
थानाध्यक्ष लवेदी सुरेश चंद्र ने बताया कि युवती के अपहरण और पिता पर गाड़ी चढ़ाने के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। जांच की जा रही है।