इटावा। बेटे की ससुराल से लौट रहे एक दंपती की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना इकदिल थाना क्षेत्र के आगरा-कानपुर हाईवे पर पिलखर नहर पुल के पास सोमवार रात हुई। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
लेकिन काफी देर तक पुलिस और एंबुलेंस के न पहुंचने पर परिजन निजी वाहन से दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन घायल पत्नी को लेकर निजी नर्सिंग होम चले गए।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला यमुना तलहटी निवासी राजकुमार (50) नगर पालिका में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। सोमवार को वह पत्नी संगीता (45) के साथ अपने बेटे सुमित की ससुराल फफूंद होली पर गए थे।
सोमवार रात वहां से लौटते समय उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक के बेटे सुमित कश्यप ने आरोप लगाते हुए बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन एक घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
सुमित ने बताया कि इस दौरान उनके पिता सड़क पर पड़े तड़पते रहे। जब पुलिस या एंबुलेंस नहीं आई तो परिजन निजी वाहन से घायलों को अस्पताल ले गए।
मामले में इकदिल थाना प्रभारी अलमा अहिरवार ने बताया कि सूचना पर 10 मिनट बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन वहां उन्हें कोई नहीं मिला था। हादसास्थल पर हेलमेट भी नहीं मिला है।