ऊसराहार (इटावा)। थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी युवक को पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र के रैपुरा गांव का विजय कुमार पिछले दिनों बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
आरोप है कि विजय ने एक स्थान पर रख कर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में पुलिस ने बहला-फुसलाकर भगा ले जाने, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने लड़की को तो बरामद कर लिया था, लेकिन विजय हाथ नहीं लगा था। एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष तेज सिंह ने टीम के साथ मंगलवार को क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसपी के मुताबिक आरोपी जिले से बाहर भागने के लिए सवारी वाहन का इंतजार कर रहा था।