इटावा। लाइन पार क्षेत्र के सुल्तानपुरा गांव में शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरा गांव निवासी रामनरेश के मामा रामचंद्र की पुत्रवधू की शनिवार रात बीमारी के चलते मौत हो गई थी। रविवार को परिजन व गांव के लोग शव को अंतिम संस्कार करने ले जा रहे थे। सुल्तानपुरा गांव के रास्ते से गुजरते एक पेड़ पर लगे छत्ते की मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। जिसमें रामनरेश, रामचंद्र व एक रिश्तेदार रमेश सिंह बुरी तरह घायल हो गए।
मधुमक्खियों ने कई लोगों को भी डंक मारकर घायल कर दिया। हालांकि सिर्फ उक्त तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हमले से शव यात्रा में शामिल लोग इधर उधर भागे। किसी तरह कुछ लोगों ने शव को ले जाकर अंतिम संस्कार कराया।