इकदिल (इटावा)। थाना क्षेत्र में रेलवे रोड पर रीतौर गांव के पास रविवार दोपहर ढाई बजे साइकिल से कोचिंग जा रहे 11वीं के छात्र को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। हादसे से गुस्साए लोगों ने चालक को दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई के साथ ही डंपर में भी तोड़फोड़ की। लोगों ने स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर जाम लगा दिया। एसपी सिटी के समझाने पर एक घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।
रीतौर गांव निवासी बृज नंदन तिवारी (16) पुत्र राधा मोहन तिवारी इटावा स्थित ज्ञान स्थली में कक्षा 11 का छात्र था। बृज नंदन दोपहर साइकिल से कोचिंग के लिए निकला था। घर से कुछ दूरी पर रेलवे स्टेशन की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से छात्र को रौंद दिया। इस बीच लोगों के पहुंचते ही चालक डंपर को छोड़कर भागने लगा, लेकिन लोगों ने चालक को दबोच कर पीट दिया और डंपर के शीशे तोड़ दिए।
हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए लोगों से चालक को बचाकर थाने भेजा। जाम की सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी रामयश सिंह और सीओ सिटी वैभव पांडे ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। आखिर में एक घंटे बाद स्पीड ब्रेकर बनवाने के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर को भी कब्जे में ले लिया।
बृज नंदन दो बहनों के बीच अकेला भाई था। जैसे ही उसकी मौत होने की खबर परिवार के लोगों को लगी तो कोहराम मच गया। मां सरिता देवी और बहनें प्रीति व अनुष्का मौके पर पहुंचीं तो शव को देखकर बेहोश हो गईं। परिवार के लोगों को रोता देख लोगों की आंखें भी नम हो गई।