इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के तहत बुधवार शाम को अनुराग कोल्ड स्टोरेज के सामने बाइक से हुई भिड़ंत में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। युवक हेलमेट नहीं लगाए था। टक्कर लगने पर सड़क पर गिरा और सिर में चोट आई। कान से खून बहने लगा। सैफई पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कानपुर के बर्रा क्षेत्र निवासी विशाल यादव पुत्र जय नारायण उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में मेडिसन विंग में स्टेनोग्राफर के पद पर कार्यरत था। बुधवार शाम को वह स्कूटी को लेकर पेट्रोल भरवाकर लौट रहा था। अनुराग कोल्ड के सामने एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। सवार बाइक छोड़ कर भाग गया। स्थानीय लोगों ने घायल विशाल को सैफई पीजीआई में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बाइक व स्कूटी कब्जे में ले ली है। संवाद