इटावा। कोतवाली क्षेत्र के तहत स्टेशन रोड पर मंगलवार को एक युवक ने तेज रफ्तार में स्कूटी चलाते हुए साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल होने के बाद भी युवक स्कूटी लेकर भाग गया।
मंगलवार को यह हादसा दोपहर करीब एक बजे जीआईसी के सामने मानिकपुर निवासी श्यामवीर साइकिल से सड़क पार कर रहा था। तभी एक युवक बगैर हेलमेट लगाए शास्त्री चौराहे से बेहद तेज रफ्तार के साथ स्कूटी लेकर गुजरा। साइकिल सवार के सामने आ जाने पर वह स्कूटी को संभाल नहीं पाया और सीधे साइकिल में टक्कर मार दी। दोनों लोग सड़क पर गिर गए। लोगों ने दोनों को उठाया। श्यामवीर के हाथ में गहरी चोट लगने से लोगों का ध्यान उस पर रहा। इसी बीच युवक स्कूटी लेकर भाग गया। इस हादसे में साइकिल का रिम भी टेढ़ा हो गया।