फोटो संख्या 32- 15 माह की बच्ची अंशिका
- फोटो : ETAWAH
महेवा। बकेवर थाना क्षेत्र के नागरी लोलपुर गांव में शनिवार को 15 माह की बच्ची तालाब में गिर गई। उसे तालाब में पड़ा देख बच्ची के चाचा ने उसे पानी से बाहर निकाला। फिलहाल बच्ची का महेवा सीएचसी में उपचार चल रहा है।
नागरी लोलपुर गांव निवासी नाहर सिंह कठेरिया मनरेगा में मजदूरी करते हैं। उनकी मासूम बेटी अंशिका शनिवार सुबह दादी के साथ घर के बाहर खेल रही थी।
अंशिका को घर के बाहर बैठाकर दादी किसी काम से अंदर चलीं गईं। बच्ची घिसटते हुए पास स्थित तालाब के पास पहुंची और उसमें गिर गई। बच्ची को गायब देख परिजनों में हड़कंप मच गया।
उन लोगों ने बच्ची की तलाश शुरू की, तो वह तालाब में पड़ी नजर आई। यह देख उसके चाचा सोनू ने तालाब में कूदकर उसे करीब 15 मिनट बाद बाहर निकाल लिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. गौरव त्रिपाठी ने बताया कि भर्ती बच्ची की हालत खतरे से बाहर है।