फोटो संख्या 32 प्लेटफार्म पर फुट ओवरब्रिज के लिए तैयार खड़ा लोहे का पिलर
- फोटो : ETAWHA
साफ-सफाई और स्वच्छता के लिए इटावा रेलवे स्टेशन तीन मंडलों प्रयागराज, आगरा और झांसी के स्टेशनों में से अव्वल आया है। प्रयागराज मंडल के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा बुधवार को ऑनलाइन शील्ड प्रदान करेंगे।
इटावा रेलवे स्टेशन के लिए वर्ष 2020 सौगात देने और उपलब्धियों भरा साबित हुआ। एक ओर लंबे इंतजार के बाद रेलवे स्टेशन के पांच में से तीन प्लेटफार्मों पर कोच इंडीकेटर लगे। दूसरी ओर एक प्लेटफार्म से अन्य सभी प्लेटफार्मों पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज कार्य भी शुरू हो गए।
अब जंक्शन को सम्मान मिलने की बारी है। स्टेशन अधीक्षक पूरनमल मीना ने बताया कि 30 दिसंबर को शाम 3 बजे प्रयागराज मंडल के महाप्रबंधक रेलवे स्टेशन को ऑनलाइन शील्ड प्रदान करने के अलावा 15 हजार रुपये की धनराशि भी प्रदान करेंगे। यह सम्मान साल में एक बार ही मिलता है।
स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि कोरोना काल के दौरान प्लेटफार्म नंबर 1,2 एवं 3 पर कोच इंडीकेटर लगना एक उपलब्धि रही।
ट्रेन के प्लेटफार्म पर रुकने से पहले ही यात्रियों को पता चल जाता है उनका कोच कहां आकर रुकेगा। इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर 01 से 2 से लेकर 5 नंबर प्लेटफार्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण शुरू हो गया। जो मार्च तक बन जाएगा।
इसी प्रकार माल गोदाम से आगे फर्रुखाबाद फाटक पर भी फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। मार्च तक शुरू होने की संभावना है।