ट्रक को किशनी थाना पुलिस ने रोका, ट्रक में भूसे की तरह भरे हुए थे
- फोटो : ETAWHA
इटावा। मैनपुरी सीमा पर किशनी पुलिस ने सोमवार को महाराष्ट्र से आ रहे एक ट्रक को रोका, जिसमें 150 प्रवासी मजदूर भरे मिले। पुलिस ने सभी को बसों से उसके गंतव्य स्थान शाहजहांपुर भिजवाया। आलम यह है कि सीएम के आदेश के बाद भी यह ट्रक राज्य की सीमा से होता हुआ, क्षेत्र के 60 किमी के दायरे में घूमता रहा।
ग्वालियर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऊसराहार और किशनी थाना क्षेत्र की सीमा पर किशनी पुलिस ने महाराष्ट्र से शाहजहांपुर जा रहे ट्रक में सवार 150 अप्रवासी मजदूरों को रोका। ट्रक को दो हिस्सों में बांटकर मजदूरों को इस तरह बैठाया गया था कि उसमें सांस लेना भी मुश्किल था। इसमें महिलाएं और बच्चे भी थे। थाना ऊसराहार की सीमा पर किशनी पुलिस ने ट्रक को रोका और सभी मजदूरों ने बताया कि वे महाराष्ट्र से अपने शहर शाहजहांपुर लौट रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टरों की मौजूदगी में सभी की स्क्रीनिंग कराई। इसके बाद सभी को रोडवेज बसों से शाहजहांपुर के लिए भेज दिया।
किशनी थानाध्यक्ष ओमहरि वाजपेयी ने बताया कि सभी को रोडवेज की बसों से भेजा गया है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि वे संज्ञान ले रहे हैं। जनपदीय सीमा पर भी चेक पोस्ट बनाए गए हैं।