इटावा। लॉकडाउन में डेढ़ महीने की बंदी के बाद जिले के सभी बाजार सोमवार से खुलने लगेंगे। जिलाधिकारी जेबी सिंह ने सभी बाजारों के लिए शेड्यूल तय कर दिया है। शहर से लेकर नगरों और कस्बों तक के बाजारों में दोनों पट्टियों में अलग-अलग दिनों में खुलेेंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि दुकानों पर एक परिवार का एक ही व्यक्ति खरीदारी करने जा सकेगा। अगर किसी परिवार से दो या उससे अधिक व्यक्ति बाजार में मिले तो उनके खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन की धारा में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। दुकानदारों के साथ उनके कर्मचारियों और ग्राहकों के लिए मास्क या अंगौछा मुंह व नाक पर लगाना अनिवार्य होगा। बाजारों में भीड़ न हो इसकी जिम्मेदारी व्यापारियों पर भी रहेगी। दुकानदार व कर्मचारी दस्तानें भी पहनेंगे।
ग्राहक दुकान के अंदर न जाएं इसके लिए दुकानदार बाहर रस्सी या मेज आदि लगाएंगे। ऐसा न करने पर दुकान बंद करा दी जाएगी। सभी दुकानें सुबह 11:00 बजे से शाम 6:00 बजे ही खुलेंगी। कालोनियों और एकल दुकानें पूरे समय खुली रहेंगी। दुकानदार ग्राहकों से आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करने का आग्रह भी करेंगे। दुकानों के सामने पांच-पांच फीट पर गोले बनाए जाएंगे, जिसमें ग्राहक सोशल डिस्टेंसिंग से खडे़ होंगे। 50 प्रतिशत कर्मचारी ही दुकान में रहेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद, इटावा के अंतर्गत आने वाले सभी बाजारों में मार्ग के दाहिने ओर की दुकानें सोमवार, बुधवार व शुक्रवार और बायीं ओर की दुकानें मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को खुलेंगी। इसी तरह अन्य नगर निकाय व कस्बों के बाजारों में दाहिने की दुकानें सोमवार, बुधवार व शुक्रवार और बायीं ओर की दुकानें मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को खुलेंगी। रविवार को दवा की दुकानों के अलावा सभी बाजार बंद रहेंगे और बाजारों की सफाई के साथ सैनिटाजर का छिड़कव कराया जाएगा। जिलधिकारी ने बताया कि रेस्टोरेंट और होटल एसडीएम से अनुमति लेकर होम डिलीवरी कर सकते हैं। हॉट बाजार नहीं लगाए जाएंगे। जनपद की सीमाओं पर लगे हुए पहले की तरह बैरियर और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। शाम सात बजे के बाद सड़क पर निकलना भी प्रतिबंधित रहेगा।