इटावा। लॉकडाउन के दौरान साबितगंज, पुरानी गल्ला मंडी मेें भीड़ उमड़ी की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने पर रविवार को पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया, लेकिन चूड़ीबाजार और सिंगल वाली मस्जिद के पास भीड़ बढ़ गई। इन दोनों क्षेत्रों में सामान्य दिनों की तरह लोग बिना मास्क लगाए खरीदारी करते नजर आए।
हालांकि चूड़ी बाजार में सुबह 8 से 11 तक बाइक से आने जाने वालों की संख्या ज्यादा रही। सिंगल वाली मस्जिद के नीचे किराना और फल सब्जी ठेलों पर रविवार को भीड़ बढ़ गई। यहां सोशल डिस्टेंसिंग तार तार हो गई और लोग मास्क भी नहीं लगाए थे। बीच बीच में पुलिस का गश्ती दल भीड़ को हटाता रहा लेकिन लोग मान नहीं रहे थे। इस पर पुलिसकर्मियों ने 5-6 दोपहिया वाहनों की हवा निकाली दी। गाड़ीपुरा मार्ग पर चूड़ीबाजार में बहुत भीड़ रही। इस कारण जाम लगा रहा।