इटावा। नई दिल्ली से कानपुर जा रही नंदन कानन स्पेशल ट्रेन से मवेशी टकरा गया। इससे ट्रेन को दस मिनट तक रोका गया। इसके बाद तकनीकी खामी पर भी साम्हो रेलवे स्टेशन की लूप लाइन पर रोका गया। जिसे दो घंटे बाद कानपुर की ओर रवाना किया गया।
भरथना रेलवे स्टेशन के पूर्वी ओर स्थित एडवांस सिग्नल के आगे कानपुर की ओर जा रही 2816 नंदन कानन स्पेशल ट्रेन से बुधवार को सुबह 11: 40 बजे मवेशी टकरा गया। इससे ट्रेन को दस मिनट रोका गया। लोको पायलट ने इंजन का प्रेशर पाइप भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी संबंधित स्टेशन पर दी। इसके बाद ट्रेन को धीमी गति से रवाना से साम्हो रेलवे स्टेशन की लूप लाइन पर लाया गया। यहां यांत्रिकी विभाग के कर्मियों ने ट्रेन के इंजन की गहन पड़ताल की। इस दौरान पीछे आ रही 2312 कालका स्पेशल ट्रेन को भरथना रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। 2550 कामाख्या स्पेशल ट्रेन भी पीछे खड़ी रही। दोनों को दस मिनट बाद रवाना किया गया।
साम्हो रेलवे स्टेशन अधीक्षक बृजेन्द्र कुमार ने बताया कि ट्रेन के इंजन से मवेशी के टकराने की वजह से उसका प्रेशर पाइप फट गया था। ट्रेन को दोपहर 12:06 बजे लूप लाइन पर रोककर टीएक्सआर कर्मियों ने खामी दूर करने के बाद 2:05 बजे रवाना किया गया।