इटावा। जिला महिला अस्पताल परिसर में नासूर बन चुका बदबूदार पानी का मामला सोमवार को सदर विधायक सरिता भदौरिया के पास पहुंचा। उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि यह लापरवाही है। वह खुद ही इस मसले पर नगर पालिका से बात करेंगी।
लोगों ने बताया कि महिला अस्पताल के सीवर का पानी टैंक से ओवरफ्लो होकर आसपास भरता है। इस वजह से सामने रैन बसेरा में भी जाना मुश्किल होता है। बगल से प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र है वहां से दवा लाने में भी लोगों को परेशानी होती है। बदबूदार पानी से होकर ही अस्पताल कर्मियों और चिकित्सकों के अलावा अन्य लोगों को आना जाना होता है। किसी अधिकारी के निरीक्षण के दौरान कमियां छिपाने के उद्देश्य से चूना का छिड़काव करवा दिया जाता है।
इस बारे में सीएमएस डॉ.अशोक कुमार ने बताया कि इस बारे में कई बार नगर पालिका परिषद को लिखकर दे चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। परिणामस्वरूप नेताओं अथवा अधिकारियों के आने पर ही सफाई होती है अन्यथा परिसर में काफी दूर तक पानी भरा रहता है।