इटावा। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर रविवार को स्वच्छता विभाग के जिला समन्वयक ने खंड प्रेरकों के साथ ब्लॉक की चार पंचायतों में जाकर वहां बनाए जा रहे सामुदायिक शौचालयों की स्थिति देखी। कई शौचालयों के गड्ढे मानकविहीन पाए गए तो कहीं सीटें ही लगी नहीं मिलीं। जांच अधिकारियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए उच्चअधिकारियों के पास रिपोर्ट भेजने की बात कही।
सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में देरी और मानकविहीन होने की खबर अमर उजाला ने 19 दिसम्बर के अंक में ‘शौचालय बने नहीं और लोकार्पण हो गया’ नामक शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर को संज्ञान में लेकर मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर ने शनिवार की शाम जिला समन्वयक स्वच्छता कार्यक्रम अनुराग बाजपेई को ब्लॉक के सभी सामुदायिक शौचालयों की धरातलीय स्थिति से अवगत कराने और खण्ड विकास अधिकारी को 25 दिसम्बर तक हर हाल में कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। रविवार को मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी ने खंड प्रेरक बढ़पुरा अनुराग यादव, खंड प्रेरक महेवा मीनाक्षी चौहान के साथ ग्राम वीरपुर, अहेरीपुर, इंद्रापुर व बम्होरा में जाकर बने शौचालयों की मौके पर स्थिति देखी।
बोले जांचकर्ता
इस बारे में जिला समन्वयक स्वच्छता कार्यक्रम अनुराग बाजपेई ने बताया कि मानकविहीन गड्ढों को तुड़वा कर दोबारा बनवाया जाएगा। सभी अधूरे कार्यों को 25 दिसंबर तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है।