सैफई (इटावा)। स्व. हरेंद्र पाल सिंह वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में झांसी ने मेरठ को पराजित कर खिताब पर कब्जा कर लिया।
तहसील क्षेत्र के ग्राम झिंगूपुर में चल रही तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मुकाबला बड़ा ही रोचक व संघर्षपूर्ण रहा। झांसी ने सीधे सेटों में 25-22 व 25-19 के अंतर से मेरठ को हराकर जीत हासिल की। इससे पहले दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में अपने-अपने मुकाबलों को रोमांचक तरीके से जीता।
निर्णायक मैच में झांसी के खिलाड़ी पहली सर्विस से ही मेरठ पर हावी रहे। लगातार प्वाइंट हाथ से जाने के बाद मेरठ के खिलाड़ियों ने अटैक हिट और ब्लॉकिंग के जरिये विपक्षी टीम के खिलाड़ियों को कुछ देर के लिए रोक दिया और अपने प्वाइंट भी बराबर कर लिए। खेल के अंतिम समय में झांसी ने लगातार हिट किया और मेरठ के खिलाड़ियों ने गलतियां भी कीं और मैच का पहला सेट 25-22 से गवां दिया। दूसरे सेट में भी झांसी ने शानदार खेल दिखाया और 25-19 से दूसरा सेट भी जीत लिया। विजयी टीम को 21 हजार व उपविजेता को 11 हजार रुपये का नकद पुरुस्कार दिया गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सैफई थाना प्रभारी वरेंद्र बाहदुर यादव फाइनल मुकाबले में मौजूद रहे।