इटावा। शहर में विद्युत बिलों के बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को विद्युत चोरी में 29 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 112 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए हैं।
एसडीओ प्रथम विवेक कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान बिजली चोरी के आरोप में 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। 102 कनेक्शन चेक करने के दौरान 32 के कनेक्शन काटे गए और 1.1 लाख रुपये की वसूली की गई।
एसडीओ द्वितीय लव कुमार वर्मा ने बताया कि बिजली चोरी करने में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। 113 विद्युत कनेक्शन चेक करने के दौरान 11.9 लाख रुपये के 39 बकायेदारों के कनेक्शन काटे और 1.5 लाख रुपये वसूले। एसडीओ तृतीय सचिन कुमार ने बताया कि उनके नेतृत्व में 11 लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अभियान के दौरान 108 कनेक्शन चेक किए गए। 41 बकायेदारों के कनेक्शन काटे और 1.20 लाख रुपये वसूले गए।