इटावा। ताखा ब्लाक के निरीक्षण में सीडीओ को मनरेगा रजिस्टर, आवासों आदि के अभिलेख अपूर्ण मिले। बीडीओ विकास संबंधी सवालों का जवाब नहीं दे सके। सीडीओ ने एक सप्ताह में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर बुधवार को अचानक ताखा ब्लाक पहुंचे। उन्होंने बीडीओ पीएन यादव से मनरेगा और आवासों सहित अन्य अभिलेख मांगे। मनरेगा के रजिस्टर के निरीक्षण में उन्हें तमाम कमियां मिली। कई कालम अपूर्ण मिले। मांगने पर बीडीओ कई अभिलेख नहीं दिखा सके।
सीडीओ ने नाराजगी जाहिर कर एक सप्ताह के अंदर अभिलेख दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसीक्रम में सीडीओ ने गंगदासपुरा मे निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। अंदर के काम की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए पंचायत सचिव को 20 दिसंबर तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि जांच के दौरान अभिलेखों में तमाम कमियां मिलीं है। बीडीओ को कठोर कार्रवाई की चेतावनी के साथ एक सप्ताह के अंदर सभी अभिलेख दुरुस्त कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अन्यथा उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
शिकायत रजिस्टर में 13 दिन से कोई शिकायत दर्ज न होने से सीडीओ ने आश्चर्य जताया। जिन शिकायतों का समाधान किया गया था जब रजिस्टर में दर्ज पीड़ित के मोबाइल पर सीडीओ ने फोन किया तो वह नंबर ही गलत निकला। जिससे वह नाराज हुए और पीड़ितों की शिकायतों को सुनने व समाधान के सख्त निर्देश दिए।