इटावा। केंद्र सरकार के परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने बृहस्पतिवार को इटावा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 91 ए के कुदरकोट वाया भरथना में सड़क चौड़ीकरण परियोजना को हरी झंडी दे दी है। इससे इटावा से कन्नौज जाने वाला हाईवे जो अभी तक 7 मीटर चौड़ा है, अब इसकी चौड़ाई बढ़कर 10 मीटर हो जाएगी। टू लेन से फोर लेन में बदलने वाले इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों को अब टोल टैक्स भी देना पड़ेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि इस मार्ग के चौड़ीकरण के साथ साथ सेंगर नदी पर नया पुल बनाया जाएगा। इसके अलावा छह छोटे पुलों को चौड़ा करने के साथ ही 64 पुलियों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू हो जाएगा। बाहरपुर के पास टैक्स वसूली के लिए टोल प्लाजा भी बनाया जाएगा। इस रोड से भरथना, बकेवर, बसरेहर, जसवंतनगर क्षेत्र के लोगों को अब कन्नौज की तरफ जाने के लिए जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। (संवाद)