इटावा। बसरेहर विकास खंड के ग्राम पंचायत राहिन में बना मॉडल पार्क सिर्फ दिखावा साबित हो रहा है। मॉडल पार्क बनवाने के पीछे प्रशासन की मंशा ग्रामीण क्षेत्र के युवा माता बहनें आदि लोग पार्क में घूमने का आनंद लें और स्वस्थ रहें, लेकिन राहिन में माडल पार्क बनाकर उसमें ताला लटका दिया गया।
पार्क की देखरेख कर रहे माली मुकेश कुमार ने बताया प्रधान की मंशा के अनुरूप ही पार्क खुलता है। उसे चार माह से मानदेय भी नहीं मिला है। पार्क में लगा एक झूला टूट गया है। वहीं, दूसरा बड़ा झूला प्रधान के कहने पर खोलकर अंदर रख दिया है। पार्क बंद होने के बारे में ग्राम प्रधान ने बताया कि डीएम के आदेश पर पार्क बंद है। काफी टालमटोल करते हुए दो दिन के लिए पार्क बंद रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्क में पौधे लगे हैं। छोटे बच्चे पार्क घुसकर शोर मचाते हैं। पौधों के टूटने का खतरा बना रहता है। सुरक्षा न होने के कारण पार्क बंद करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि पार्क बन तो गया है। इसका लाभ आम जनमानस को नहीं मिल पा रहा है।