इटावा। आखिर 22 महीने के लंबे इंतजार के बाद बेसिक शिक्षा परिषद के प्राइमरी स्कूलों में 307 अभ्यर्थियों को शिक्षक की नौकरी मिल गई। शुक्रवार को विकास भवन में जब इन शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिले तो उनके चेहरे खुशी से चमक उठे। फिलहाल सभी शिक्षकों को बीएसए कार्यालय में ज्वाइन करना होगा। उनकी विद्यालयों में तैनाती अगले सप्ताह होगी। इस बार शिक्षकों की तैनाती पहली बार ऑनलाइन होगी। शिक्षकों के लिए इस साल की दीवाली खुशियों की सौगात लेकर आई है।
प्रदेश में 31277 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पिछले काफी समय से लंबित चल रही थी। जनवरी 2019 में इन पदों के लिए सुपरटेट परीक्षा कराई गई। इसके बाद कभी हाईकोर्ट तो कई सुप्रीम कोर्ट में मामला उलझता रहा। अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ा। इस प्रक्रिया को पूरा होने में पूरे 22 महीने लग गए।
शुक्रवार को विकास भवन सभागार में भाजपा विधायक सरिता भदौरिया, विधायक भरथना सावित्री कठेरिया, जिलाधिकारी श्रुति सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर और बीएसए कल्पना सिंह ने जिले में 307 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। लखनऊ में मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी के हाथों नियुक्ति पत्र बांटने के कार्यक्रम का भी लाइव प्रसारण देखा गया।