इटावा। ताखा तहसील कार्यालय से गायब भूमि आवंटन की पत्रावली का कोई पता नहीं लग सका है। पत्रावली को लेकर लेखपाल और रजिस्टार कानूनगो को नोटिस जारी किया गया था। एक सप्ताह से गुजर जाने के बाद भी न तो गायब पत्रावली ही मिलीं और न ही किसी जिम्मेदार पर कोई कार्रवाई तय की गई।
ताखा तहसील कार्यालय में 14 अगस्त को भूमि प्रबंध समिति की बैठक में रुद्रपुर चमरपुर ग्राम पंचायत की भूमि आवंटन से संबंधित पत्रावली गायब होने की बात सामने आई थी। इस पत्रावली में भूमि आवंटन को लेकर भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। तहसीलदार ताखा ने भी पत्रावली को अनुमोदन दिया था। इसके बाद अचानक पत्रावली तहसील कार्यालय से गायब हो गई। मीडिया में आई खबरों के बाद उपजिलाधिकारी ताखा सत्यप्रकाश ने रजिस्टार कानूनगो और लेखपाल को नोटिस जारी कर दिया था। नोटिस जारी करने के बाद भी पत्रावली का कहीं पता नहीं चल सका। इस संबंध में उपजिलाधिकारी ताखा सत्यप्रकाश का कहना है कि गायब पत्रावली स्वीकृति नहीं हुई थीं। पत्रावली का गायब होना गंभीर प्रकरण है इसमें लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।