इटावा। निचली गंगा नहर भोगनीपुर प्रखंड कार्यालय में माइनरों के रखरखाव एवं प्रचार प्रसार के लिए कागजों में ही समितियों का गठन कर लिया गया है। समितियों की एक बार भी बैठक नहीं हुई। यहां तक कि किसी को समिति के पदाधिकारियों के बारे में जानकारी तक नहीं दी गई है। ग्राम सराय मिठ्ठे निवासी राजेंद्र बाबू त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को शिकायतीपत्र भेजकर जांच कराए जाने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि कुड़रिया रजबहे से निकलने वाली मलूपुर माइनर का रखरखाव करने और प्रचार प्रसार के लिए शासन के आदेश पर समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों में नियमानुसार क्षेत्रीय किसान ही नामित होने चाहिए। परंतु संबंधित अधिकारियों ने बिना कोई जानकारी सार्वजनिक किए मनमाने तरीके से समितियों का कागजों पर ही गठन कर दिया। आज तक समिति की कोई बैठक आयोजित नहीं की गई है। यह केवल एक माइनर की बात नहीं है। भोगनीपुर प्रखंड से निकलने वाली सभी माइनरों में ऐसी ही समितियों का गठन किया गया है। हिसाब किताब सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। उन्होंने समितियों के नाम पर हो रहीं गड़बड़ियों की जांच कराने की मांग की है।