इटावा। मुंबई से लौटे युवक और दो महिलाओं समेत चार नए कोरोना संक्रमित बुधवार को मिले हैं। अब जिले में कोरोना की चपेट में आए संक्रमितों की संख्या 289 हो गई है। वहीं 22 जून को पॉजिटिव मिलने के बाद सैफई चिकित्सा विवि में भर्ती पीएसी जवान की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
बुधवार को पॉजिटिव मिले मरीजों में ग्राम नगला भजु करवा बुजुर्ग का 18 वर्षीय प्रवासी युवक है। यह युवक 26 जून को चार साथियों के साथ मुंबई से चार माह बाद गांव लौटा था। 27 जून को चारों युवकों ने सैंपल कराया था। इस युवक के घर में सात लोग हैं। इसी प्रकार शहर के करमगंज में 48 वर्षीय महिला पॉजिटिव मिली। महिला की मां भी कोरोना पॉजिटिव निकल चुकी है। परिजनों ने बताया कि मां के कोरोना पॉजिटिव आने से पहले महिला उनके संपर्क में थी। करमगंज से अब तक सात लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें एक वृद्धा की मौत भी हो चुकी है। एक अन्य 28 वर्षीय महिला शहर के भरथना चौराहा के पास पॉजिटिव मिली है। वहीं शहर की मोतीझील कालोनी निवासी 31 वर्षीय सिपाही सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय में भर्ती है। सिपाही ने बताया तबीयत अभी ठीक नहीं है और बोलने में परेशानी हो रही है। सिपाही की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। देर रात मोतीझील निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।