इटावा। जजी परिसर में सोमवार को लोडेड रिवाल्वर लेकर घुसने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है। पिता के नाम लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर उसका पुत्र परिसर में दाखिल हो रहा था।
सोमवार दोपहर के वक्त भरथना थाना क्षेत्र के नगला छोटेजारपुरा गांव निवासी गौरव कुमार अपने पिता रामनरेश सिंह के साथ कोर्ट में तारीख पर आए थे। न्यायालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है। मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना होता है। गौरव अपने पिता रामनरेश के नाम लाइसेंसी रिवाल्वर लगाए हुए थे। वह जैसे ही मेटल डिटेक्टर से गुजरा, तभी उसकी रिवाल्वर पकड़ में आ गई। पुलिस ने चेक किया तो रिवाल्वर लोडेड मिली।
पुलिस ने रिवाल्वर का लाइसेंस दिखाने को कहा तो गौरव ने पिता के नाम का लाइसेंस पुलिस को दिखाया। जिस पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और रिवाल्वर अपने कब्जे में ले ली। सिविललाइन थाना प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए रिवाल्वर जब्त कर ली है और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरु कर दी गई है।