इटावा। साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में दो मोटरसाइकिलें भिड़ गईं। इसमें एक महिला समेत बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। एक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था, जिससे उसके दांत टूट गए।
भरथना-बिधूना मार्ग स्थित छोलानाला पर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे दो मोटरसाइकिलों में भिड़ंत हो गई। हादसे में औरैया जिले के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के जरैला गांव निवासी बाइक सवार पंकज (30) पुत्र हीरालाल, औरैया जिले के बिधूना कस्बा निवासी दूसरा बाइक सवार आशीष (24) पुत्र फूल सिंह और उसकी पत्नी पारुल घायल हो गए। पारुल गोद में दो साल बेटा लिए थी। संयोग से उसे कोई चोट नहीं आई है।
तीनों घायलों को 112 नंबर पुलिस सीएचसी ले गई। जहां पंकज के चचेरे भाई अनंतराम ने बताया कि वह पंकज के साथ भरथना से अपने गांव जरैला जा रहा था। रास्ते में एक साइकिल सवार अचानक बाइक के सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई। इस हादसे में पंकज के दांत टूट गए। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेजा गया है। बाइक चला रहा पंकज हेलमेट नहीं लगाए था, जबकि दूसरी बाइक चला रहा आशीष ने हेलमेट पहन रखा था।