आंगन से लेकर चूल्हे तक हर घर में दफन हैं अपनों के शव
- फोटो : amar ujala
इटावा के चकरनगर की तकिया बस्ती के फकीरों को अब घर में शव नहीं दफनाने पड़ेंगे। उन्हें कब्रिस्तान मुहैया कराया जाएगा। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर भाजपा विधायक सावित्री कठेरिया रविवार सुबह तकिया बस्ती पहुंचीं।
बस्ती के लोगों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर बुलाकर दो दिन के भीतर कब्रिस्तान की जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि बस्ती के मुस्लिम भाइयों की समस्या से उन्हें अवगत नहीं करवाया गया था। क्षेत्र के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए उन्होंने अमर उजाला की सराहना भी की।
विधायक सावित्री कठेरिया बिना किसी प्रोटोकॉल के सीधे बस्ती में पहुंची तो उन्हें अपने बीच देखकर गरीबों के चेहरे खिल गए। विधायक ने एक-एक घर का निरीक्षण किया तो हर घर में चार-पांच कब्रें देखकर हैरान रह गईं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की अनदेखी से बस्ती के गरीब फकीर नरकीय जीवन जी रहे हैं।
इसके लिए जिम्मेदार अफसरों की शिकायत करके उन्हें यहां से हटवाएंगी। विधायक के पहुंचने की जानकारी मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और खंड विकास अधिकारी आनन-फानन में वहां पहुंचे। विधायक ने अफसरों से बस्ती वालों को कब्रिस्तान न मिलने की वजह पूछी तो जवाब नहीं दे पाए।
इसपर हिदायत देते हुए विधायक ने दो दिन के भीतर जगह चिंहित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सेंचुरी क्षेत्र की वजह से आने वाली अड़चनों के लिए वह वन विभाग से बात करके कब्रिस्तान के लिए शासन से बजट पास करवाएंगी।
विधायक के हालचाल लेते ही फफक पड़ी महिलाएं
विधायक सावित्री कठेरिया ने बस्ती की महिलाओं से उन्हें मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं और मूलभूत सुविधाओं के बारे में पूछा तो वे फफक कर रो पड़ीं। महिलाओं ने बताया कि आजतक कोई जनप्रतिनिधि उनकी सुध लेने नहीं आया। किसी परिवार के सिर पर छत नहीं है, लेकिन अब तक एक भी आवास उन्हें नहीं मिला।
विधायक ने उन्हें आश्वासन दिया कि पार्टी और सरकार हर संभव मदद करेगी। उन्होंने बीडीओ को पात्रों की सूची तैयार करके उन्हें महीने भर के भीतर प्रधानमंत्री आवास मुहैया करवाने का निर्देश दिया। इसके अलावा बस्ती में आशा कार्यकर्ताओं को नियमित तौर पर पहुंचने और मेडिकल कैंप लगाकर वहां के निवासियों का चेकअप करवाने का भी निर्देश दिया।
विद्युतीकरण के लिए एसडीओ को हर घर में बिजली का कनेक्शन और बस्ती में स्ट्रीट लाइट लगवाने का भी निर्देश दिया। इस मौके पर विधायक के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता वीर सिंह योगेंद्र सिंह चौहान, आचार्य रविंद्र चौहान, रविंद्र भदौरिया, सतेंद्र राजावत, रज्जन राजावत, काजिम अली, नत्थू अली आदि मौजूद रहे।