गुस्साए वकीलों ने दरोगा को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले में पेशी पर कचहरी आए निलंबित दरोगा ने गुरुवार को वकील का गिरेबान पकड़कर थप्पड़ जड़ दिए। गुस्साए वकीलों ने निलंबित दरोगा को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कचहरी पहुंची सिविल लाइन पुलिस उसे थाने ले आई।
अधिवक्ता धर्मेंद्र पांडेय की तहरीर पर दारोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इधर, एसएसपी आकाश तोमर का कहना है कि अनुशासनहीनता के मामले में आरोपी दरोगा विजय प्रताप दस से ज्यादा बार निलंबित हो चुका है।
एसपी सिटी की जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निलंबित चल रहा दरोगा विजय प्रताप गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक केस के सिलसिले में कचहरी पहुंचा था।
किसी बात पर उसकी एक वकील से बहस हो गई। दरोगा ने वकील का गिरेबान पकड़कर तीन थप्पड़ रसीद दिए। इस पर परिसर में मौजूद दर्जनों वकीलों ने जुटकर दरोगा की लात घूसों से पिटाई कर दी।