ऊसराहार (इटावा)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गांव नगला दौलत के पास लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे तीन ट्रक पीछे से आपस में टकरा गए। हादसे में एक ट्रक का चालक घायल हो गया। एक ट्रक में लदी चीनी की बोरियां एक्सप्रेसवे पर बिखर गईं, जिससे कुछ मिनटों के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना के बाद यूपीडा की टीम मौके पर पहुची और उसने ट्रकों को हटवाकर रास्ता साफ कराया।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार की सुबह करीब साढे़ चार बजे नंगला दौलत के सामने एक्सप्रेसवे पर बनी पुलिस पार्किंग में डीसीएम को चालक मोहनलाल निवासी कुसोर अधवनी बीकानेर, राजस्थान ने खड़ा कर दिया। तभी पीछे से आ रहे ट्रक का चालक लक्ष्मी नारायण निवासी अलवर राजस्थान ने डीसीएम में टक्कर मार दी। ट्रक में गोंडा से गुजरात के लिए चीनी जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे खड़ी थी डीसीएम रेलिंग को तोड़ते हुए बाहर निकल गई। ट्रक में लोड चीनी की बोरियां एक्सप्रेसवे पर फैल गईं। तभी पीछे से आ रहे ट्रक का चालक सोनपाल ट्रक को नियंत्रित नहीं कर सका और चीनी लदे ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में चालक सोनपाल घायल हो गया। एक साथ तीन ट्रकों के आपस मे टकराने से यातायात बाधित हो गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर यूपीडा के सुरक्षा गश्ती दल के कर्मचारी हवलदार सुनील कुमार सत्यराम मौके पर पहुंचे और उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रकों को हटवाकर रोड के किनारे कराया और रोड पर पड़ी चीनी की बोरियों को हटवाकर यातायात चालू कराया। घायल चालक का सीएचसी में उपचार कराया गया।