इटावा। लवेदी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर घार गांव में भागवत कथा के लिए पंडाल लगाते समय दो युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। नाराज ग्रामीणों ने बिजली कर्मचारियों को पीट दिया। इस पर बिजली कर्मचारियों ने बहादुरपुर बिजली उपकेंद्र पर ताला लगाकर करीब दस गांवों की बिजली ठप कर दी।
ग्राम प्रधान महेश सिंह 8 फरवरी से भागवत कथा करा रहे हैं। भागवत गांव में ही स्थित पृथ्वीराज सिंह चौहान जूनियर विद्यालय के प्रांगण में होनी है। कथा के लिए शुक्रवार को पंडाल बनाया जा रहा था। पंडाल लगाते समय ऊपर से गुजरी 11 हजार केवीए की लाइन के झूलते तारों से टेंट का एक पोल छू गया। पोल पकड़े दो युवकों विजय कुमार व बउआ को करंट लग गया। दोनों युवक गांव के ही एक टेंट हाउस पर काम करते हैं। दोनों युवक करंट लगने से जमीन पर गिर पड़े। थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्राम प्रधान घायल दोनों युवकों को जिला अस्पताल लेकर भागे। बउआ की हालत नाजुक बताई जाती है। उधर, गुस्साए ग्रामीण बहादुरपुर में ही स्थित बिजलीघर पहुंच कर वहां मौजूद एसएसओ बिजली संविदाकर्मी यशवीर की पिटाई कर दी।
बिजली कर्मी ने घटना की सूचना जेई एसडीओ को दी। अधीक्षण अभियंता को जानकारी होने पर उन्होंने एसडीओ भूप सिंह, जेई कन्हैयालाल को मौके पर भेजा। इधर, बिजली कर्मचारियों ने पिटाई से नाराज होकर उपकेंद्र पर ताला डाल दिया। सप्लाई ठप होने से करीब दस गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है। एसडीओ भूप सिंह ने बताया कि टेंट लगाने के पहले किसी ने कोई शटडाउन नहीं लिया था। बीडीसी अनुज सिंह ने बताया कि स्कूल की 11 हजार की लाइन काफी नीची थी। कई बार बिजली विभाग के जे ई व अन्य अधिकारियों से सही कराने को लेकर शिकायत की गई। आज तक सही नही कराई गई।