इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राधिका पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर ऑटो से गिरे युवक को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग निकला। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिरोजाबाद जिले के खैरगढ़ थाने के गांव लालई निवासी गौरव (28) पुत्र राकेश कुमार किसी काम से जसवंत नगर आया था। बुधवार शाम करीब 4 बजे जसवंतनगर बस स्टैंड से वह ऑटो में बैठकर घर जा रहा था। ऑटो जब राधिका पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तभी किसी वाहन को ओवर टेक करने के चक्कर में ऑटो का अगला पहिया टूट गया। ऑटो के अनियंत्रित होने से गौरव छिटक कर सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग निकला। चालक भी अपना ऑटो छोड़कर चला गया। हादसे की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब सें मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई। पुलिस ने हादसे की सूचना उसके परिजनों को दी। शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद