पुलिस लाइन में अपराध समीक्षा करते एसएसपी एन कोलांचि।
- फोटो : अमर उजाला
एसएसपी एन कोलांचि ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान विवेचनाएं लंबित पाए जाने पर एसएसपी ने तीन एसओ और सात दरोगाओं के खिलाफ जांच के निर्देश दिए हैं।
वर्ष 2015 की विवेचनाएं लंबित होने पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। समीक्षा में पता चला कि सबसे अधिक विवेचनाएं उपनिरीक्षक संजय सिंह थाना इकदिल, अनिल कुमार थाना सिविल लाइन, विष्णु दत्त थाना फ्रेंड्स कालोनी, अजय पाल थाना जसवंतनगर, संजय सिंह थाना सैफई, विनेश कुमार थाना चौबिया, फहीम अख्तर थानाध्यक्ष बलरई, रोहित तिवारी थानाध्यक्ष बैदपुरा, नासिर हुसैन थानाध्यक्ष उसराहार पर लंबित हैं। एसएसपी ने कहा कि विवेचना में बरती जा रही लापरवाही पर प्रारंभिक जांच कराई जाएगी। जांच में जो दोषी पाए जाएंगे उन्हें दंडित किया जाएगा।
मिशन-75 की समीक्षा में पाया गया कि अभियान के दौरान 51 अभियुक्तों को विभिन्न थानाक्षेत्रों से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। 24 अभियुक्त फरार हैं, जिनका पूरा विवरण थाना प्रभारियों से तलब किया गया। एसएसपी ने कहा कि इनकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया जाएगा। वहीं अवैध शराब की बरामदगी मेंसैफई सर्किल प्रथम रहा। सिटी सर्किल अंतिम पायदान पर है। जनपद में मध्य प्रदेश से तस्करी से आने वाली शराब पर प्रतिबंध लगा है, जबकि हरियाणा की शराब अभी पूरी तरह से नहीं रुकी है। एसएसपी ने कहा कि जेल से छूटे अपराधी जो सक्रिय हैं उनकी निगरानी करने, उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने, उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई होगी। वांछित अपराधियों की चल संपत्ति कुर्क होगी। उन्हाेंने भीड़भाड़ वाले इलाकों और सराफा बाजार में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में एएसपी रामकिशुन यादव, एएसपी महात्मा प्रसाद, सीओ सिटी शिवराज, सीओ चंद्रदेव यादव, विनय चौहान, राघवेंद्र सिंह राठौर और कृष्ण कुमार उपस्थित रहे।