इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे चौबिया थाना क्षेत्र में चौपला कट के पास बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार चला रहे आजमगढ़ निवासी इंजीनियर की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि कार में सवार पत्नी, बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार श्यामधारी पासवान (40) निवासी अकबरपुर थाना बिलरियागंज, आजमगढ़ कार से घर से राजस्थान के जिला नीमराना जा रहे थे। हादसे के समय कार आगरा की ओर जा रही थी। कार में उनकी पत्नी अनीता सरोज (32), पुत्र यश सरोज (13), पुत्री बानी (10) व दो मित्र सुदर्शन (28) निवासी तुलसीपुर थाना जहानगंज, जिला आजमगढ़ और सुभाष (30) निवासी सुल्तानपुर थाना तरवा, जिला आजमगढ़ भी सवार थे।
बताया जा रहा है कि चौपला कट के पास एक्सप्रेस-वे पर चालक को अचानक नींद आ जाने से कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। दुर्घटना में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सभी को सैफई के इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर भिजवाया।
जहां उपचार के दौरान श्यामधारी पासवान की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। मृतक के साले योगेंद्र पासवान ने बताया कि श्यामधारी पासवान राजस्थान के जिला नीमराना स्थित निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।