अतिक्रमणकारियों के सामान को ट्रैक्टर में लादते नगर पंचायत कर्मी।
- फोटो : amarujala
बकेवर। कस्बा में लखना व भरथना रोड पर अतिक्रमण किए दुकानदारों पर बुधवार को कार्रवाई की गई। ईओ ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस फोर्स के साथ सड़क पर से अवैध कब्जे हटवाए। नगर पंचायत कर्मी कई दुकानदारों के तख्त, टीन-टप्पर जब्त कर ले गए। वहीं लखना रोड पर शौचालय बनने की जगह से अतिक्रमण हटवाया गया। पूर्व सभासद के विरोध करने पर पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले गई। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। अतिक्रमणकारियों को सख्त लहजे में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
नगर के लखना रोड पर रहने वाले कुछ लोगों ने नगर पंचायत द्वारा लखना रोड पर ओडीएफ योजना के तहत बनवाए जा रहे सार्वजनिक शौचालय का विरोध किया था। जिसको लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद दोहरे को ज्ञापन दिया गया था। नगर पंचायत की अधिशाषी अधिकारी मोनिका उमराव से नगर के अतिक्रमण को हटावने की मांग की थी। इसी के तहत बुधवार को नगर पंचायत ईओ ने नायब तहसीलदार भरथना आलोक चौहान के साथ एसओ बकेवर आलोक राय व भारी पुलिस फोर्स के साथ लखना रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
इस दौरान लखना रोड पर पेशाबघर के बगल में जहां नया सार्वजनिक शौचालय बनना है, वहां पर भी कुछ लोगों ने खोखा आदि रखकर अतिक्रमण कर लिया था, जिसको हटवाया गया। लखना रोड पर नाली के अधिक आगे तक रखे टीन-टप्पर को उठवा लिया गया। चौराहे के पास कपड़े, किताबों के दुकानदारों के दुकान के बाहर रखे तख्त व बेंचों को ट्रैक्टर में रखवाकर नगर पंचायत में भेजा गया। फल, साइकिल, किताब दुकानदारों के तख्त व बेंच भी उठा लिए गए। जानवरों का चारा काटने कुटी मशीन भी नगर पंचायत के कर्मचारी लाद ले गए।
चौराहे पर दो कपड़े प्रेस करने वाले धोपी की मेजें भी लाद ले गए। कुछ लोगों की उक्त स्थान पर रखी साइकिलें भी ट्रैक्टर में लाद ली गईं। लखना रोड पर ही पूर्व सभासद नौशाद खां की लिबर्टी टेलर का सड़क पर लगा बोर्ड उखाड़ दिया जिस पर पूर्व सभासद ने विरोध किया तो पुलिस उनको पकड़ कर थाना पर ले गई। अतिक्रमण हटाने के बाद पुलिस ने उनको छोड़ दिया। भरथना रोड पर अतिक्रमण हटवाने पर कई दुकानदारों की टीन को उखाड़ ले गए। वहीं कुछ दुकानदारों ने अतिक्रमण में प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया।