फोटो जिला अस्पताल में जानकारी देते संतोष। संवाद
इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम तीसरी मंजिल के छज्जे से थूकते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से राजमिस्त्री झुलस गया। बचाने पहुंची पत्नी, बेटा और बेटी भी करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजमिस्त्री व बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टीबी अस्पताल के पीछे ब्लॉक नंबर 32 की तीसरी मंजिल पर रहने वाले संतोष कुमार (50) राजमिस्त्री हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार देर शाम वह अपने घर की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े होकर थूक रहे थे। इसी दौरान छज्जे के पास से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। बताया गया कि पास में लगा बिजली का खंभा झुका हुआ है, जिससे तार छज्जे के काफी नजदीक है।
संतोष को करंट लगता देख उनकी पत्नी गीता देवी, बेटा धर्मेंद्र और बेटी कोमल उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन तीनों भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सभी को करंट से अलग कराया। इसके बाद चारों को बाइकों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को भर्ती कर लिया। हादसे में धर्मेंद्र अधिक गंभीर रूप से झुलसा है। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सरोज ने बताया कि करंट की चपेट में आए परिवार के चारों सदस्यों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। शुरुआती जानकारी में छज्जे से थूकते समय हादसा होने की बात सामने आई है।
फोटो जिला अस्पताल में जानकारी देते संतोष। संवाद
फोटो जिला अस्पताल में जानकारी देते संतोष। संवाद